गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे में कर्मचारी कल्याण और सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को रेलवे प्रेक्षागृह में पहली बार ‘कर्मचारी अधिकार सम्मान समारोह-2026’ आयोजित किया गया। महाप्रबंधक उदय बोरवणकर के मुख्य आतिथ्य और रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य (मानव संसाधन) प्रवास पी. पांडे की मौजूदगी में आयोजित समारोह में विभिन्न विभागों एवं उत्पादन इकाइयों के 17 पदोन्नत रेल कर्मचारियों को पदोन्नति आदेश प्रदान किए गए।
समारोह में दिव्यांग रेल कर्मचारियों को कार्यस्थल तक आवागमन में सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कर्मचारी कल्याण निधि से मुख्यालय गोरखपुर के आठ दिव्यांग कर्मचारियों को कस्टमाइज्ड स्कूटी वितरित की गई। इसके अलावा कर्मचारी यूनियन के लिए नवनिर्मित ‘प्रेम’ कार्यालय तथा कार्मिक कार्यालय में कर्मचारी कल्याण निरीक्षक/सेल का उद्घाटन किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने कहा कि विषम परिस्थितियों के बावजूद पूर्वोत्तर रेलवे के कर्मचारी 24 घंटे कार्य कर निर्बाध रेल संचालन सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने कर्मचारियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेलकर्मियों को प्रत्येक माह ‘सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ’ से सम्मानित किया जाता है।
उन्होंने कहा कि रेल प्रशासन कर्मचारियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने तथा महिला कर्मचारियों को सुविधाएं देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए लंच रूम एवं प्रसाधन की समान सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ अनुकम्पा नियुक्तियों का न्यूनतम समय में निस्तारण किया जा रहा है।
रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य (मानव संसाधन) प्रवास पी. पांडे ने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे में कर्मचारी कल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य अन्य रेलों के लिए भी मिसाल बन सकते हैं। उन्होंने एचआरएमएस की सराहना करते हुए कहा कि इससे कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आई है और कर्मचारियों के फीडबैक के आधार पर इसके मॉड्यूल में सुधार किया जा रहा है।
प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार ने स्वागत संबोधन में कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे में पहली बार कर्मचारियों के सम्मान में यह आयोजन किया गया है। उन्होंने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से कर्मचारी हित, पदोन्नति, कैरियर प्रगति, अनुकम्पा नियुक्ति, कर्मचारी कल्याण और कार्य परिवेश में सुधार के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल, प्रमुख विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ रेल अधिकारी, कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी गोपाल प्रसाद गुप्ता ने आभार जताया। संचालन आसिफ जहीर एवं रचना श्रीवास्तव ने किया।
.jpeg)
No comments:
Post a Comment