बस्ती। श्रीमती कृष्ण कुमारी पाण्डेय गर्ल्स इंटर कॉलेज का वार्षिकोत्सव सोमवार को उत्साह और उल्लास के बीच धूमधाम से मनाया गया। समारोह में छात्राओं ने भारतीय संस्कृति और विविधता पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम में विद्यालय के संस्थापक स्व. श्रीकृष्ण पाण्डेय एवं श्रीमती कृष्ण कुमारी पाण्डेय के बालिका शिक्षा के लिए किए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
समारोह का शुभारंभ प्रबंधक बिन्दवासिनी पाण्डेय, अध्यक्ष गणेश प्रसाद पाण्डेय, उप प्रबंधक डॉ. राकेश पाण्डेय एवं प्रबंधक एसकेपी अजय कुमार पाण्डेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रधानाचार्या डॉ. सुरभि सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। विद्यालय परिवार की ओर से संस्थापकों के प्रति श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्व. श्रीकृष्ण पाण्डेय और श्रीमती कृष्ण कुमारी पाण्डेय ने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्यालय की स्थापना की थी। उनका यह प्रयास आज छात्राओं की शैक्षिक एवं सांस्कृतिक उपलब्धियों के रूप में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उप प्रबंधक डॉ. राकेश पाण्डेय ने विद्यालय की विकास यात्रा और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से शुरुआत की। इसके बाद कृष्ण नृत्य, कजरी, शिव नृत्य, मराठी नृत्य तथा रामायण पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। छात्राओं की प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों से गूंज उठा।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं आकांक्षा कसौधन, प्रियंका गुप्ता, अंशू विश्वकर्मा, माही, बेबी गौतम, खुशी, रुचि, अनन्या और दुर्गावती सहित अन्य छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य एसकेपी योगेश शुक्ल, ग्रीश चौबे, शिल्पी सिंह, अनीता पाण्डेय, अनीता सिंह, वंदना पाण्डेय, भारती तिवारी, संजय पाण्डेय, दिनेश मिश्र सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य लोग मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment