बस्ती। नगर पंचायत कप्तानगंज के वार्ड नंबर-1 अम्बेडकर नगर मोहल्ला चौखड़ा के ग्रामीणों ने सोमवार को सार्वजनिक चक मार्ग से अवैध कब्जा हटवाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। महेश कुमार पुत्र राम अजोर के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के सार्वजनिक चक मार्ग (गाटा संख्या-64) पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि 11 जुलाई 2026 को नायब तहसीलदार, कानूनगो एवं लेखपाल की मौजूदगी में राजस्व विभाग की टीम ने चक मार्ग की पैमाइश और सीमांकन किया था। इसके बावजूद कब्जाधारियों ने मार्ग खाली नहीं किया और उस पर खेती कर अवैध कब्जा बनाए रखा है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि रामगोपाल, बाबूराम और रमेश ने चकरोट को काटकर रास्ता बाधित कर दिया है। विरोध करने पर ग्रामीणों को मारपीट की धमकी दी गई, जिसके बाद डायल-112 पुलिस को भी सूचना दी गई थी।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम भेजकर सार्वजनिक चक मार्ग को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है, ताकि लोगों का आवागमन सुचारु हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
ज्ञापन सौंपने वालों में सुरेन्द्र कुमार, महेन्द्र, गुड्डू, राजकुमार, श्रीराम, ओमप्रकाश, दयाशंकर, राजा बाबू, अनीता देवी, मिथलेश देवी, सीमा, गड़ना देवी, शीला देवी, सेहरा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment