वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। नगर पालिका परिषद बस्ती क्षेत्र के दक्षिण दरवाजा से करवा बाबा तक जल्द ही सड़क, नाली और आधुनिक पथ प्रकाश व्यवस्था का व्यापक विकास कराया जाएगा। उत्तर प्रदेश शासन ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के अंतर्गत इन कार्यों के लिए तीन करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराने पर सहमति प्रदान की है।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नेहा वर्मा ने बताया कि योजना के तहत दक्षिण दरवाजा से करवा बाबा तक सड़क निर्माण, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग, नाली निर्माण तथा आधुनिक डिजाइन की स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इसके अलावा 50 लाख रुपये की लागत से नाला क्रॉसिंग का निर्माण भी कराया जाएगा। इससे पुरानी बस्ती और मंगल बाजार क्षेत्र में जलभराव की समस्या से लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि शासन की ओर से अधिशासी अधिकारी को आवश्यक निर्देश प्राप्त हो चुके हैं। विकास कार्यों के लिए आगणन (एस्टीमेट) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता ने कहा कि अध्यक्ष नेहा वर्मा की मंशा के अनुरूप सभी आवश्यक औपचारिकताएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी कराई जाएंगी और विकास कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र प्रारंभ होंगे। उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी, जल निकासी की व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा आधुनिक पथ प्रकाश व्यवस्था से स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।

No comments:
Post a Comment