वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने मंगलवार को रानीडीहा स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में भाजपा महानगर पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों एवं मोर्चा अध्यक्षों के साथ परिचयात्मक बैठक की। बैठक में उन्होंने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया।
क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने सभी पदाधिकारियों से व्यक्तिगत परिचय प्राप्त करते हुए कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसका सक्रिय कार्यकर्ता और मजबूत बूथ होता है। उन्होंने मंडल अध्यक्षों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठनात्मक कार्यों में जुटने का आह्वान किया। साथ ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म एवं सरल ऐप के माध्यम से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण पूरा कराने के निर्देश दिए।
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, बूथ सशक्तीकरण तथा संगठन विस्तार की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि महानगर इकाई क्षेत्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
बैठक में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विश्वजीताशु सिंह आशु, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष पुष्पदंत जैन, महानगर महामंत्री अच्युतानंद शाही एवं बृजेश मणि मिश्रा सहित महानगर पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment