बस्ती। सरस्वती शिशु मंदिर के भाऊराव देवबा सभागार में बुधवार को शिशु भारती एवं कन्या भारती के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अपने-अपने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
शिशु भारती के अध्यक्ष पद की शपथ भैया आर्यन गुप्ता, मंत्री पद की शपथ अवनीश शुक्ला तथा सेनापति पद की शपथ दिव्यांश ने ली। वहीं कन्या भारती की अध्यक्ष अन्नया शुक्ला, मंत्री आराध्या त्रिपाठी और सेनापति विजया शुक्ला ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।
समारोह के मुख्य अतिथि सत्येन्द्र भूषण ने नवचयनित पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उनके दायित्वों, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यालय में मिली जिम्मेदारियों का ईमानदारी, समर्पण और सेवा भाव के साथ निर्वहन करना ही सच्चा नेतृत्व है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment