<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, July 22, 2026

ढोल-मजीरा बजाकर डीएम कार्यालय पर अनोखा प्रदर्शन, 15 दिन में कार्रवाई का आश्वासन


बस्ती। बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में उस समय अनोखा नजारा देखने को मिला, जब राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा के मंडल महासचिव एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी ठाकुर प्रेम नंदवंशी ने अपनी मांगों के समर्थन में ढोल-मजीरा बजाकर प्रदर्शन किया। अचानक गूंजती आवाज से अधिकारी और सुरक्षाकर्मी भी चौंक गए।
प्रदर्शन के दौरान ठाकुर प्रेम नंदवंशी ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए भारत सिंह कृषि विद्यालय, भारत नगर, तेनुआ (हर्रैया) में अनुचर पद पर कार्यरत मनोज कुमार वर्मा के कथित उत्पीड़न, लंबित वेतन एवं ग्रेच्युटी के भुगतान, सेवा बहाली तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग उठाई।
जिलाधिकारी के निर्देश पर न्यायिक मजिस्ट्रेट शत्रुघ्न पाठक ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता करते हुए आश्वासन दिया कि मामले का 15 दिनों के भीतर निस्तारण कराया जाएगा।
ठाकुर प्रेम नंदवंशी ने कहा कि जब अधिकारियों तक उनकी आवाज नहीं पहुंची तो मजबूर होकर उन्हें ढोल-मजीरा बजाकर विरोध दर्ज कराना पड़ा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर मनोज कुमार वर्मा को न्याय नहीं मिला तो संगठन पुनः आंदोलन करेगा।
अनुचर मनोज कुमार वर्मा ने आरोप लगाया कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा वर्षों से उनका शारीरिक, मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न किया जा रहा है। उनका वेतन लंबे समय से बकाया है तथा लगभग दस वर्षों से ग्रेच्युटी का भुगतान भी नहीं किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सेवा बहाली के बदले अवैध धनराशि की मांग की गई और वेतन व ग्रेच्युटी की मांग करने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। साथ ही संबंधित अधिकारियों पर शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई न करने का आरोप भी लगाया।
राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई, मनोज कुमार वर्मा का लंबित वेतन एवं ग्रेच्युटी का भुगतान तथा उनकी सेवा बहाल कराने की मांग की।
प्रदर्शन में मोर्चा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages