गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बुधवार को किसानों और आम उपभोक्ताओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया और डीएपी खाद उपलब्ध कराने तथा प्रीपेड स्मार्ट बिजली मीटरों की व्यवस्था समाप्त कर उन्हें पोस्टपेड प्रणाली में बदलने की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि खरीफ सीजन में धान की रोपाई और अन्य फसलों की बुवाई के दौरान किसानों को यूरिया और डीएपी खाद की भारी आवश्यकता होती है, लेकिन प्रदेश के कई जिलों में खाद की कमी बनी हुई है। किसानों को लंबी कतारों में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि कालाबाजारी के चलते उन्हें अधिक कीमत पर खाद खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। ज्ञापन में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने, कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में प्रीपेड स्मार्ट बिजली मीटरों से आम जनता को हो रही परेशानियों का भी मुद्दा उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मीटरों की रीडिंग और बिलिंग को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं। बैलेंस समाप्त होते ही बिना पर्याप्त सूचना के बिजली आपूर्ति बंद हो जाती है और भुगतान के बाद भी कई बार कई दिनों तक बिजली बहाल नहीं होती। इसके अलावा बार-बार बिजली कटौती और तकनीकी खामियों से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल से प्रीपेड स्मार्ट मीटर व्यवस्था की व्यापक समीक्षा कराते हुए इसे पोस्टपेड व्यवस्था में परिवर्तित करने तथा किसानों और आम जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा, महानगर अध्यक्ष वीर सिंह जाटव, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सुशांत गोयल, महानगर अध्यक्ष लोकेश चौधरी, नवीन पॉल, जिला मीडिया प्रभारी आशुतोष गुप्ता, राजकुमार शर्मा एवं राजाराम भारती सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment