बस्ती। भारतीय जनता पार्टी, बस्ती के तत्वावधान में आयोजित 'जेन-ज़ेड कैंपस संवाद' कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं के साथ संवाद कर उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, कौशल विकास, डिजिटल जागरूकता, नेतृत्व क्षमता, भारतीय संस्कृति तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा ने कप्तानगंज स्थित इंदिरा गांधी इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा केवल भविष्य का नागरिक नहीं, बल्कि वर्तमान में परिवर्तन और विकास का सशक्त भागीदार है। उन्होंने कहा कि जेन-ज़ेड की नई सोच, ऊर्जा, नवाचार और तकनीकी दक्षता भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की क्षमता रखती है।
कार्यक्रम के तहत वैभव पांडे ने एपीएस बस्ती, दिलीप पांडे ने राजन डिग्री कॉलेज एवं महिला पचपेड़िया विद्यालय, पुष्करादित्य सिंह ने रणवीर इंटरनेशनल स्कूल रुधौली, विनय यादव ने अंकुर मिशन अकादमी भिटिया चौराहा, डॉ. ममता पांडे ने चंद्रभान सिंह स्मारक विद्यालय गौर तथा अभिनव उपाध्याय ने इंडियन पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों से संवाद किया। इसके अलावा अमृत कुमार वर्मा, अंकित पांडे, अरविंद पाल, रामायण सिंह, उत्कर्ष शुक्ला, पल्लव श्रीवास्तव, गौरवमणि त्रिपाठी और रवि तिवारी सहित वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने भी विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से विचार-विमर्श किया।
जिला मीडिया प्रभारी अजय पाल सिंह ने बताया कि संवाद कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा, रोजगार, डिजिटल इंडिया, नेतृत्व और सामाजिक दायित्वों से जुड़े विषयों पर उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं की सकारात्मक सोच और सहभागिता ने कार्यक्रम को सार्थक एवं प्रेरणादायी बना दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ते हुए राष्ट्र निर्माण की दिशा में उनकी भागीदारी को मजबूत करना रहा।

No comments:
Post a Comment