बस्ती। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश ने शुक्रवार को शहर की तीन प्रमुख जनसमस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में शास्त्री चौक पर राष्ट्रीय ध्वज दोबारा फहराने, मेडिकल वेस्ट से गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा बड़े वन ब्रिज के पास सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि शहर के ऐतिहासिक शास्त्री चौक पर स्थापित हाई-मास्ट राष्ट्रीय ध्वज स्तंभ पिछले करीब छह माह से तिरंगे के बिना खड़ा है, जिससे शहर की गरिमा प्रभावित हो रही है। व्यापारियों ने इसे तत्काल दुरुस्त कर राष्ट्रीय ध्वज पुनः फहराने की मांग की।
व्यापार मंडल ने दूसरी गंभीर समस्या के रूप में खुले कूड़ेदानों में असुरक्षित तरीके से फेंके जा रहे मेडिकल वेस्ट का मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि इस्तेमाल की गई पट्टियां, दवाइयां और इंजेक्शन की सुइयां कूड़े में पड़ी रहती हैं, जिससे भोजन की तलाश में आने वाले गोवंश के घायल होने और उनकी जान पर खतरा मंडरा रहा है। इस पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में बड़े वन ब्रिज के समीप सार्वजनिक शौचालय के अभाव का भी उल्लेख किया गया। व्यापारियों ने कहा कि यह शहर का व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन हजारों लोग आते-जाते हैं, लेकिन महिला एवं पुरुषों के लिए शौचालय की सुविधा न होने से आमजन, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन सौंपने के बाद जिलाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, मंडल अध्यक्ष एवं प्रदेश उपाध्यक्ष हरिमूर्ति सिंह तथा रत्नाकर श्रीवास्तव ने कहा कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों का शीघ्र समाधान कराया जाना चाहिए। संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण नहीं हुआ तो व्यापार मंडल आंदोलन करने को बाध्य होगा।
इस दौरान संगठन महामंत्री किशन सिंह, आलोक कुमार दुबे, भरत राम 'बबलू' अग्रहरि, राणा महेंद्र प्रताप, कमलेश चौधरी, कुलदीप श्रीवास्तव, वंदना वर्मा, महेंद्र गुप्ता, प्रदीप सिंह, समीर राना सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment