गोरखपुर। नगर निगम गोरखपुर और मारवाड़ी युवा मंच के संयुक्त प्रयास से ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे पर अत्याधुनिक "स्मार्ट स्थायी प्याऊ" (वाटर कूलर) का शुक्रवार को लोकार्पण किया गया। महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने फीता काटकर इसका उद्घाटन किया। यह प्याऊ मारवाड़ी युवा मंच गोरखपुर शाखा द्वारा नगर निगम के सहयोग तथा AISSHPRA Foundation (हरी प्रसाद गोपी कृष्ण सर्राफ प्रा. लि.) के सौजन्य से स्थापित किया गया है।
इस अवसर पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि नगर निगम जनसेवा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी के बीच यह स्मार्ट प्याऊ राहगीरों, वाहन चालकों, श्रमिकों और आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। सामाजिक संगठनों के सहयोग से शहर में जनसुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है और आगे भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।
पार्षद एवं शाखा अध्यक्ष दुर्गेश बजाज ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर जैसे व्यस्त चौराहे पर लंबे समय से शीतल पेयजल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। यह पहल 'शीतल जल सेवा, मानवता की सच्ची सेवा' के संकल्प को साकार करती है। उन्होंने कहा कि नगर निगम और सामाजिक संस्थाओं के समन्वय से ही शहर का समग्र विकास संभव है।
स्मार्ट प्याऊ के माध्यम से प्रतिदिन हजारों राहगीरों और स्थानीय लोगों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध होगा। कार्यक्रम में प्रांतीय अध्यक्ष नवीन पालड़ीवाल, निवर्तमान अध्यक्ष मयंक अग्रवाल, सचिव संचित भालोटिया, कोषाध्यक्ष आकाश अग्रवाल, सलाहकार अभिषेक पोद्दार, आयुष लखोटिया, रोहित अग्रवाल, चंदन अग्रवाल, पार्षद छोटे लाल गुप्ता, अरुण गुप्ता 'निशु', वैभव अग्रहरि, विरज सोनकर, संजीव गुप्ता, संदीप नायक, प्रयाग दत्त ओझा सहित नगर निगम के अधिकारी, मंच के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment