वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। गोरखपुर के तिवारीपुर थाना क्षेत्र स्थित इलाहीबाग में बुधवार सुबह एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त छापेमारी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सुबह करीब पांच बजे शुरू हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए और मकान के आसपास निगरानी बढ़ा दी।
जानकारी के अनुसार छापेमारी माई डीगदही, इलाहीबाग स्थित एक मकान पर की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक यह मकान जमाल अहमद से जुड़ा बताया जा रहा है, जिनकी इलाहीबाग प्राथमिक विद्यालय के पास पेंट की दुकान है। कार्रवाई के दौरान एटीएस और तिवारीपुर थाना पुलिस की टीम मकान में गहन जांच और पूछताछ में जुटी रही।
एहतियात के तौर पर आसपास के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया है तथा क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है।
हालांकि, छापेमारी किस मामले में की जा रही है, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। एटीएस और पुलिस अधिकारियों ने भी फिलहाल इस संबंध में कोई बयान जारी नहीं किया है। मामले की जांच जारी है और अधिकारियों के आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।

No comments:
Post a Comment