गोरखपुर। गगहा थाना पुलिस ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर नाम, पता और जन्मतिथि बदलकर दो पासपोर्ट बनवाने के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और पासपोर्ट अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी बाँसगांव के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक गगहा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मेराज अहमद व उनकी टीम ने थाना गगहा पर दर्ज मुकदमा संख्या 209/2026 के वांछित आरोपी अल्ताफ पुत्र गयाशुद्दीन, निवासी ग्राम बड़गो, थाना गगहा, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर अपनी पहचान संबंधी विवरण बदलते हुए दो अलग-अलग पासपोर्ट बनवा लिए थे। मामले की शिकायत मिलने पर थाना गगहा में भारतीय न्याय संहिता की धोखाधड़ी एवं जालसाजी से संबंधित धाराओं तथा पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12(1)(बी) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मेराज अहमद, कांस्टेबल एकांश सिंह और आरक्षी निशांत पाल शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

No comments:
Post a Comment