बस्ती। जनपद में चलाए जा रहे साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को कोतवाली थाना पुलिस ने जेल गेट चौकी क्षेत्र स्थित परमेश्वर दत्त ईश्वर देवी इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के प्रभावी उपाय बताए गए तथा किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन और थाना स्तर पर स्थापित 24×7 साइबर हेल्प डेस्क से संपर्क करने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी मोतीचंद के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में साइबर डेस्क प्रभारी शुभनारायण दुबे, आरक्षी आदर्श सिंह और अजय कुमार पाठक ने फिशिंग, ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई और क्यूआर कोड स्कैम, अज्ञात लिंक, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग तथा ऑनलाइन लॉटरी जैसे साइबर अपराधों के प्रति विद्यार्थियों को सतर्क किया।
कार्यक्रम में कोतवाल ने आपातकालीन सहायता के लिए 112, साइबर शिकायत हेतु 1930 तथा कोतवाली का सीयूजी नंबर 9454403115 उपलब्ध कराते हुए इनके उपयोग की जानकारी दी। साइबर डेस्क प्रभारी ने बच्चों से जुड़े साइबर अपराधों की रोकथाम पर विशेष जानकारी दी, जबकि पुलिस कर्मियों ने सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने और डिजिटल भुगतान के दौरान पूरी सावधानी बरतने की सलाह दी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में चौकी प्रभारी जेल गेट उपनिरीक्षक अजय यादव, विद्यालय के प्राचार्य तथा पुलिस विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग रहा।

No comments:
Post a Comment