<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Thursday, July 9, 2026

महुली पुलिस ने कैमूर की दो नाबालिग बहनों को परिजनों से मिलाया

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


संतकबीरनगर। बिहार के कैमूर जनपद से घर छोड़कर निकली दो नाबालिग बालिकाओं को थाना महुली पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर तीन दिन बाद उनके परिजनों से मिलाकर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। बेटियों के सकुशल मिलने पर परिजनों की आंखें खुशी से भर आईं और उन्होंने महुली पुलिस का आभार जताया।

पुलिस के अनुसार कैमूर (बिहार) की दोनों नाबालिग बालिकाएं पारिवारिक नाराजगी के चलते बिना किसी को बताए घर से निकल गई थीं। विभिन्न स्थानों से होते हुए वे संतकबीरनगर के थाना महुली क्षेत्र में पहुंच गईं। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई और दोनों बालिकाओं को सुरक्षित संरक्षण में लिया।

पुलिस ने आत्मीयता और विश्वास के साथ बातचीत की, जिसमें पता चला कि दोनों बालिकाएं पारिवारिक मतभेद के कारण घर छोड़कर आई थीं। इसके बाद महुली पुलिस ने तत्काल बिहार के कैमूर जनपद की पुलिस और परिजनों से संपर्क स्थापित किया। आवश्यक सत्यापन एवं विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिजनों को थाना महुली बुलाया गया।

थाने पहुंचकर जब परिजनों ने अपनी बेटियों को सकुशल देखा तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। तीन दिनों से परेशान परिवार ने बेटियों को गले लगाया और महुली पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता एवं मानवीय व्यवहार की सराहना करते हुए पूरी टीम का धन्यवाद दिया।

महुली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि परिवार में किसी बात को लेकर मतभेद या नाराजगी हो तो बच्चों से संवाद बनाए रखें और उनकी भावनाओं को समझने का प्रयास करें। साथ ही यदि कोई बच्चा लापता हो जाए या भटका हुआ मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उसे सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया जा सके।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages