बस्ती। उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री एवं बस्ती के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने गुरुवार को जनपद के एक दिवसीय दौरे के दौरान विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनहित के मुद्दों पर जवाबदेह रहने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराना, बाढ़ से निपटने की पूरी तैयारी रखना और सरकारी योजनाओं को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
दौरे की शुरुआत में प्रभारी मंत्री ने दरियाखां, नगर पालिका परिषद कार्यालय, बड़ेवन और अमहट घाट का निरीक्षण कर नगर की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को नियमित सफाई, कचरा निस्तारण और जनसुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिला अस्पताल पहुंचकर उन्होंने ट्रॉमा सेंटर, इमरजेंसी, ड्रेसिंग रूम, पैथोलॉजी और एक्स-रे विभाग का निरीक्षण किया। उन्होंने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने, गुणवत्तापूर्ण उपचार देने तथा अस्पताल में स्वच्छता और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने विकास योजनाओं की प्रगति, बाढ़ से बचाव की तैयारियों और राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी सीएचसी और पीएचसी पर स्नेक वेनम उपलब्ध रखने, राहत सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
उन्होंने कृषि विभाग को निर्देश दिए कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जाए और कालाबाजारी या जमाखोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने के निर्देश भी दिए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग को सड़कों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, प्रत्येक सड़क का तकनीकी निरीक्षण कराने तथा जल निगम के कार्यों के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों का तत्काल पुनर्निर्माण कराने के निर्देश दिए गए।
सर्किट हाउस में आयोजित समन्वय समिति एवं कोर कमेटी की बैठक में संगठनात्मक और विकास संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों के समाधान के लिए प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दौरे के अंत में उन्होंने सर्किट हाउस परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

No comments:
Post a Comment