<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Friday, July 24, 2026

सीडीओ की अध्यक्षता में उद्योग एवं व्यापार बंधु की बैठक, उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश


बस्ती। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) सार्थक अग्रवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग एवं व्यापार बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, उद्योग एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा उद्यमियों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव रखे।
बैठक में बिजली के जर्जर तार, सड़कों की बदहाली, जल निकासी, शहर में लगने वाले जाम तथा अन्य विभागीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। उद्यमियों ने कई मामलों के लंबे समय से लंबित होने की जानकारी देते हुए उनके शीघ्र निस्तारण की मांग की।
सीडीओ सार्थक अग्रवाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी उद्यमी को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और विभागीय समन्वय के माध्यम से समस्याओं का समाधान किया जाए।
बैठक में उद्यमियों ने शहर में मेडिकल वेस्ट के निर्धारित स्थान पर निस्तारण न होने का मुद्दा भी उठाया। इस पर सीडीओ ने तत्काल संज्ञान लेते हुए नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) को संबंधित संस्थानों पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी को पत्र भेजकर सभी अस्पतालों द्वारा मेडिकल वेस्ट का वैज्ञानिक एवं निर्धारित स्थान पर ही निस्तारण सुनिश्चित कराने को कहा।
सीडीओ ने कहा कि औद्योगिक विकास जनपद की आर्थिक प्रगति का प्रमुख आधार है। शासन की मंशा के अनुरूप निवेशकों और उद्यमियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करना सभी विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने उद्योगों की स्थापना एवं संचालन से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब न करने तथा निर्धारित समय सीमा में सभी प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) तथा वित्त पोषण सहायता योजना की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को योजनाओं के लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, डीसी मनरेगा संजय शर्मा, उपायुक्त उद्योग राजेश रोमन, उपायुक्त प्रशासन राज्यकर उपेंद्र यादव, ईओ नगर पालिका अंगद गुप्ता, सहायक आयुक्त खाद्य चितरंजन कुमार सिंह, एनएचआई के प्रतिनिधि, विद्युत विभाग के अधिकारी, चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, महासचिव हरीश चंद्र शुक्ला, उद्योग व्यापार मंडल के जगदीश अग्रहरि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि और उद्यमी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages