बस्ती। आगामी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं दुर्घटनामुक्त बनाने के उद्देश्य से मंडलायुक्त अखिलेश सिंह एवं आईजी संजीव त्यागी ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने आयुक्त कार्यालय से शास्त्री चौक, चेतक तिराहा, भूअर निरंजन, डारीडीहा होते हुए श्री भदेश्वरनाथ मंदिर तथा अयोध्या सीमा तक बस से स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का परीक्षण किया।
बैठक को संबोधित करते हुए मंडलायुक्त अखिलेश सिंह ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का पर्व है और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा सुगम आवागमन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने दुर्घटनामुक्त यात्रा संपन्न कराने का संकल्प लेते हुए सभी अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
मंडलायुक्त ने कांवड़िया संघों के पदाधिकारियों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी सभी कांवड़ यात्रियों तक पहुंचाई जाए और उनका पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने श्रद्धालुओं से ट्रैक्टर-ट्रॉली का उपयोग न करने, दोपहिया वाहनों पर हेलमेट पहनने तथा ओवरस्पीडिंग से बचने की अपील की। साथ ही यात्रा मार्ग से अवैध अतिक्रमण तथा सड़क किनारे पड़े बालू, गिट्टी और मोरंग जैसे निर्माण सामग्री को तत्काल हटाने के निर्देश दिए।
आईजी संजीव त्यागी ने कहा कि प्रशासन कांवड़ यात्रियों की सभी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कांवड़िया संघों एवं पंडाल आयोजकों से अपने नाम, पता एवं मोबाइल नंबर संबंधित उपजिलाधिकारी और थाना प्रभारी को उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल समन्वय स्थापित किया जा सके।
जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने बताया कि पूरी कांवड़ यात्रा की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी। यात्रा मार्ग को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। जगह-जगह मेडिकल कैंप स्थापित किए जाएंगे तथा सभी स्वास्थ्य केंद्रों को सक्रिय रखा जाएगा। उन्होंने स्नेक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को यात्रा मार्ग पर विद्युत पोलों पर नौ फीट तक प्लास्टिक सुरक्षा कवर लगाने तथा ढीले बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। वहीं जिला पंचायत, पंचायत राज विभाग एवं नगर पालिका को प्रमुख पड़ाव स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाने, अमहट घाट पर मोटरबोट, नाव, तैराक और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने तथा लोक निर्माण विभाग एवं एनएचआई को सड़क के गड्ढों की समयबद्ध मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवश्यकतानुसार यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिए व्यापक पुलिस बल की तैनाती रहेगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, सीएमओ डॉ. राजीव निगम, संबंधित उपजिलाधिकारी, पुलिस अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment