वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। मानव तस्करी, बाल श्रम और बाल अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से थाना कोतवाली क्षेत्र में “ऑपरेशन रक्षा” के तहत विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान एएचटी (मानव तस्करी निरोधक इकाई) एवं एसजेपीयू (विशेष किशोर पुलिस इकाई) की संयुक्त टीम ने होटलों, प्रतिष्ठानों एवं अन्य संभावित स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया।
पुलिस टीम ने होटल गिरिराज, होटल महाराजा, जायका मुरादाबादी सहित विभिन्न दुकानों एवं प्रतिष्ठानों की जांच की। अभियान के दौरान किसी भी स्थान पर बाल श्रमिक नहीं मिला। इसके बाद टीम ने दुकानदारों, होटल संचालकों और आम लोगों को मानव तस्करी, बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति, बच्चा चोरी तथा जहरखुरानी जैसी घटनाओं से सतर्क रहने के लिए जागरूक किया।
अभियान के दौरान लोगों को आपातकालीन सहायता एवं शिकायत के लिए सरकारी हेल्पलाइन नंबर 112, 1098, 1090, 181 एवं 1076 की जानकारी दी गई। साथ ही पंपलेट वितरित कर बाल विवाह न कराने तथा यदि कहीं बाल विवाह की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस या संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना देने की अपील की गई।
पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों को अपनी निगरानी में रखने तथा किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा दी गई खाने-पीने की वस्तु स्वीकार न करने की सलाह दी। इसके अलावा दुकानदारों और होटल संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों से किसी भी प्रकार का श्रम कराना कानूनन अपराध है। यदि कोई व्यक्ति बाल श्रम कराते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में मानव तस्करी निरोधक थाना के प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश गौतम, उप निरीक्षक भोला प्रसाद यादव, आरक्षी अजय यादव, महिला आरक्षी आरती कुमारी एवं नीलम सक्सेना के साथ चाइल्ड लाइन के चंदन शर्मा एवं उनकी टीम मौजूद रही।

No comments:
Post a Comment