महादेवा (बस्ती)। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन तहसील इकाई हर्रैया की बैठक रविवार को ब्लॉक संसाधन केन्द्र हर्रैया के सभागार में जिलाध्यक्ष अवधेश कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन की मजबूती, पत्रकारों के सम्मान एवं सुरक्षा, ग्रामीण पत्रकारों की समस्याओं तथा निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता को लेकर गंभीर मंथन किया गया। साथ ही पत्रकार हितों की रक्षा के लिए संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अवधेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और पत्रकार समाज की आवाज बनकर जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार की सबसे बड़ी पहचान उसकी ईमानदारी, निष्पक्षता और विश्वसनीयता होती है। किसी भी परिस्थिति में सत्य और जनहित से समझौता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकार सीमित संसाधनों के बावजूद समाज की वास्तविक तस्वीर सामने लाते हैं। ऐसे में उनके सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा करना संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने संगठन के सभी सदस्यों से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि "पत्रकारों की एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।"
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारों को तथ्यपरक, जिम्मेदार और सकारात्मक पत्रकारिता करते हुए समाज का विश्वास और मजबूत करना चाहिए। संगठन तभी प्रभावी होगा, जब सभी सदस्य अनुशासन, आपसी सहयोग और नैतिक मूल्यों के साथ कार्य करेंगे।
बैठक के दौरान बभनान में एक पत्रकार के साथ स्थानीय नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा कथित मारपीट की घटना की कड़ी निंदा करते हुए सर्वसम्मति से निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। संगठन ने संबंधित पत्रकार से पूरे प्रकरण में जवाब-तलब भी किया है। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि पत्रकारों के सम्मान से समझौता नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में ऐसी किसी भी घटना की सूचना तत्काल संगठन को देकर सामूहिक निर्णय के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। बिना संगठन को विश्वास में लिए समझौता किए जाने पर भी सदस्यों ने नाराजगी व्यक्त की।
बैठक को तहसील अध्यक्ष राजेश सिंह विशेन, जिला उपाध्यक्ष जनार्दन पाण्डेय एवं तहसील संरक्षक एस.एन. द्विवेदी सहित अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया। संचालन जिला महामंत्री अनिल कुमार पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment