वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों और कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा, छात्र-छात्राओं को ड्रेस, जूता और मोजा के लिए 1200 रुपये की डीबीटी राशि हस्तांतरण तथा भारतीय स्टेट बैंक के साथ हुए एमओयू के उद्घाटन कार्यक्रम का मुख्यमंत्री द्वारा वाराणसी से शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण बस्ती के राजकीय इंटर कॉलेज स्थित बहुउद्देशीय सभागार में कराया गया।
कार्यक्रम में शासन की ओर से नामित अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष बेचन राम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, गुलाब चंद्र सोनकर तथा अंकुर वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया।
कार्यक्रम की रूपरेखा जिला विद्यालय निरीक्षक संजय कुमार एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार तिवारी ने प्रस्तुत की। इस अवसर पर बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के 10-10 उत्कृष्ट शिक्षकों तथा छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। सहायक शिक्षा निदेशक संजय कुमार शुक्ला ने विद्यार्थियों को पुस्तकें एवं शिक्षण सामग्री वितरित की।
कार्यक्रम में उप जिला विद्यालय निरीक्षक, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य, जिला समन्वयक, खंड शिक्षा अधिकारी तथा शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

No comments:
Post a Comment