वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। मंडलायुक्त अखिलेश सिंह, जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह तथा मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने संयुक्त रूप से टांडा-कलवारी पुल के आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जलभराव की स्थिति, आवागमन की व्यवस्था, तटबंधों की सुरक्षा तथा संभावित जोखिम वाले स्थानों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने, राहत कार्यों में तेजी लाने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही बाढ़ प्रभावित लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
इसके बाद अधिकारियों ने आगामी कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत यात्रा मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंध एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर ली जाएं।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और बाढ़ व कांवड़ यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

No comments:
Post a Comment