वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज) दानिश आजाद अंसारी ने रविवार को भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, बस्ती में आयोजित "एक पेड़ माँ के नाम" वृहद वृक्षारोपण अभियान में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
राज्यमंत्री ने कहा कि वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह पौधारोपण के साथ-साथ उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित करे। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा संचालित वृक्षारोपण अभियान की सराहना करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य सफल हो सकता है। उन्होंने ग्लोबल वार्मिंग के बढ़ते खतरे पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा, हर्रैया विधायक अजय सिंह, पूर्व विधायक दयाराम चौधरी, चन्द्र प्रकाश शुक्ला, वरिष्ठ नेता जगदीश शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख सदर राकेश श्रीवास्तव, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा, जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल तथा उपजिलाधिकारी हिमांशु कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी पौधारोपण किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा ने कहा कि "वृक्ष लगाओ, पुण्य कमाओ" का संदेश प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपने आसपास हरियाली बढ़ाने का संकल्प लेने की अपील की। हर्रैया विधायक अजय सिंह ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग से बचाव के लिए धरती को हरा-भरा बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि "एक पेड़ सौ पुत्र के समान होता है।"
इस अवसर पर राजमाता अशिमा सिंह ने भी पर्यावरण संरक्षण पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment