गाजियाबाद। जिला कांग्रेस कमेटी गाजियाबाद की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक रविवार को लोनी स्थित चौधरी महाश्य फार्म हाउस में आयोजित की गई। बैठक में आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों, संगठन विस्तार और बूथ स्तर तक कांग्रेस को मजबूत बनाने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश शर्मा ने की। कार्यक्रम का संचालन लोनी नगर अध्यक्ष अजय शर्मा एवं ब्लॉक अध्यक्ष रविंद्र एडवोकेट ने किया। पार्षद वार्ड-52 राहुल अली सहित कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया।
जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में नगर, ब्लॉक और बूथ अध्यक्षों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में लोनी विधानसभा में यह बैठक संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि लोनी क्षेत्र में नगर निगम, नगर पालिका और विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों एवं अनियमितताओं की शिकायतें स्थानीय लोगों ने उनके समक्ष रखीं। कांग्रेस इन मुद्दों पर जनता के साथ खड़ी रहकर शासन-प्रशासन से हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
बैठक में विशेष रूप से लोनी विधानसभा (53) सहित जनपद गाजियाबाद की सभी पांच विधानसभा सीटों पर संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर तक विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और आगामी चुनावी रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। जिला, ब्लॉक एवं न्याय पंचायत स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सतीश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को पूरी मजबूती और गंभीरता के साथ लड़ने की तैयारी कर रही है। इसके लिए लगातार संगठनात्मक बैठकें, जनसंपर्क अभियान और कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस संगठन की बढ़ती सक्रियता से विपक्षी दलों में भी बेचैनी दिखाई दे रही है और आने वाले चुनाव में गाजियाबाद की जनता कांग्रेस पर विश्वास जताएगी।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर पहुंचाने का संकल्प लिया।
बैठक में प्रमुख रूप से विनोद धाम, डॉ. जुल्फिकार अली, महफूज अली, रिजवान मलिक, इरफान भाई, विनोद बंसल, प्रमोद शर्मा एडवोकेट, राबिया अंसारी, मेजर बाबू खान, नवाब अध्यक्ष, हाजी शकील अहमद, करीमुल्लाह खान, अरुण शर्मा, जगमोहन शर्मा, सलीम इदरीशी, जाकिर इदरीशी, अजय सिंह सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment