वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। जनपद बस्ती के थाना गौर में तैनात मुख्य आरक्षी (हेड कांस्टेबल) अरुण कुमार मिश्रा का रविवार को बीमारी के कारण आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस लाइन में पूरे सम्मान के साथ उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई तथा शोक सलामी देकर अंतिम विदाई दी गई।
जानकारी के अनुसार मुख्य आरक्षी अरुण कुमार मिश्रा पिछले कुछ समय से लीवर की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। रविवार सुबह करीब 10:30 बजे उनकी तबीयत अचानक अधिक बिगड़ गई। उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
दिवंगत मुख्य आरक्षी अरुण कुमार मिश्रा की आयु लगभग 52 वर्ष थी। वह मूल रूप से जनपद बहराइच के निवासी थे। उन्होंने 18 अक्टूबर 1994 को उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी के पद पर सेवा प्रारंभ की थी। बाद में पदोन्नति पाकर मुख्य आरक्षी बने और वर्तमान में थाना गौर में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
पुलिस लाइन में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी हरैया, क्षेत्राधिकारी कलवारी, क्षेत्राधिकारी लाइन सहित अन्य अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों ने पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद शोक धुन के बीच पुलिस जवानों ने शोक सलामी दी। अधिकारियों ने शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और दिवंगत मुख्य आरक्षी के पार्थिव शरीर को कंधा देकर सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दी। उनके निधन पर पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनकी कर्तव्यनिष्ठ सेवा को श्रद्धापूर्वक याद किया।

No comments:
Post a Comment