<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Tuesday, July 21, 2026

सीडब्ल्यूसी के प्रयास से नेपाली बालक की घर वापसी का रास्ता साफ

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


बस्ती। नेपाल से भटककर भारत पहुंचे एक बालक को उसके परिजनों तक सुरक्षित पहुंचाने की दिशा में बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) बस्ती के प्रयास सफल रहे। नेपाल दूतावास द्वारा अधिकृत प्रतिनिधियों को सीडब्ल्यूसी के अध्यक्ष प्रेरक मिश्रा ने बालक को नेपाल स्थित उसके घर ले जाने के लिए अधिकार पत्र सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार नेपाल के कृष्णानगर निवासी यह बालक फरवरी माह में भटकते हुए पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में मिला था। पुलिस ने उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया। समिति ने बालक का चिकित्सकीय परीक्षण और काउंसलिंग कराई, जिसमें उसने अपना पता नेपाल के कृष्णानगर का बताया। इसके बाद समिति के अध्यक्ष प्रेरक मिश्रा, सदस्य अजय श्रीवास्तव, डॉ. संतोष श्रीवास्तव और मंजू त्रिपाठी ने बालक के संरक्षण को देखते हुए उसे बाल गृह वाराणसी में आवासित करने का आदेश दिया, जिसके बाद से वह वहीं रह रहा था।

सीडब्ल्यूसी बस्ती ने पूरे प्रकरण की जानकारी दिल्ली स्थित नेपाल दूतावास को भेजकर लगातार पत्राचार किया। प्रयासों के बाद नेपाल दूतावास ने अपने अधिकृत प्रतिनिधियों को बस्ती भेजा। प्रतिनिधियों ने समिति के समक्ष आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत कर बालक को बाल गृह से मुक्त कर नेपाल ले जाने का अनुरोध किया।

सभी दस्तावेजों की जांच के बाद सीडब्ल्यूसी ने नेपाली प्रतिनिधियों को अधिकार पत्र सौंपते हुए बालक को उसके घर पहुंचाकर परिजनों के सुपुर्द करने का आदेश जारी किया। सीडब्ल्यूसी के अध्यक्ष प्रेरक मिश्रा ने बताया कि दूसरे देश के बालक की सुपुर्दगी की प्रक्रिया सामान्य मामलों से अलग होती है, इसलिए सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि अब बालक शीघ्र ही अपने परिवार के बीच सुरक्षित पहुंच सकेगा।

No comments:

Post a Comment

Pages