वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्यालय गोरखपुर स्थित यांत्रिक विभाग के ई.एन.एच.एम. अनुभाग द्वारा 20 जुलाई 2026 को गोरखपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-9 पर ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य रेल कर्मचारियों एवं यात्रियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा रेलवे परिसर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखने के लिए जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी गई तथा उन्हें ‘स्वच्छता से स्वागत’ बैज पहनाकर स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर मुख्य चल स्टॉक इंजीनियर (फ्रेट) अनिल कुमार, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (ई.एन.एच.एम.) अम्बरीश प्रकाश पाण्डेय, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (फ्रेट) महेश प्रताप सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (ई.एन.एच.एम.) अम्बरीश प्रकाश पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी दैनिक कार्य संस्कृति का अभिन्न अंग है। उन्होंने कर्मचारियों से अपने कार्यस्थल, रेलवे परिसर और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने के साथ यात्रियों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रेलवे परिसर को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने तथा स्वच्छता के प्रति निरंतर जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। रेलवे प्रशासन ने विश्वास जताया कि ऐसे अभियान यात्रियों और कर्मचारियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और अधिक मजबूत करेंगे।

No comments:
Post a Comment