वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। भारतीय मजदूर संघ, शाखा बस्ती की मासिक बैठक रविवार को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) परिसर में आयोजित हुई। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान को गति देने तथा परिवहन एवं स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से परिवहन विभाग की समस्याओं के समाधान के लिए जिलाधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग से संबंधित मांगों को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपने का प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए विभाग प्रमुख अशोक सिंह ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ कर्मचारियों की हर समस्या को मजबूती से उठाता रहेगा। उन्होंने अवैध डग्गामार वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इससे रोडवेज निगम को हो रहे आर्थिक नुकसान को रोका जाना आवश्यक है।
संरक्षक उमेश चन्द्र मिश्र ने सरकारी परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए अवैध वाहनों के संचालन पर कठोर कार्रवाई की आवश्यकता जताई। वहीं जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने कहा कि संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान भारतीय मजदूर संघ की प्राथमिकता है तथा कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा।
जिला मंत्री राहुल श्रीवास्तव ने सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) का पीवीआई समय पर और पूर्ण रूप से दिए जाने तथा राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के कर्मचारियों को भ्रमण के लिए पीओएल उपलब्ध कराने की मांग उठाई। उन्होंने रोडवेज को नुकसान पहुंचाने वाले अवैध डग्गामार वाहनों के खिलाफ तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने की भी मांग की।
बैठक में सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संगठन को मजबूत बनाने और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर ज्ञानती सिंह, सचिन गौरव श्रीवास्तव, अनीता चौधरी, निरंकुश शुक्ला, राघवेंद्र सिंह, रविन्द्र चौधरी, अजय तिवारी, रुद्र नारायण राय सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment