वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गाजियाबाद। जिला कांग्रेस कमेटी गाजियाबाद के अध्यक्ष सतीश शर्मा के नेतृत्व में संगठन सशक्तिकरण एवं विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर मुरादनगर विधानसभा के असालत नगर मंडल में पोलिंग बूथ कार्यकर्ता समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केपी स्वामी ने तथा संचालन जिला सचिव आचार्य विकास त्यागी ने किया।
मुख्य अतिथि सतीश शर्मा ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने, नियमित जनसंपर्क अभियान चलाने और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के सुख-दुख का सहभागी बने और संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाए।
प्रदेश सचिव डॉ. संजीव शर्मा ने छात्रों के अधिकारों को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा उठाए गए मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं की एकजुटता लोकतंत्र की ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटने तथा कांग्रेस की नीतियों को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान केपी स्वामी के नेतृत्व में भाजपा, किसान यूनियन और बसपा से जुड़े कई युवाओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए इसे संगठन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
बैठक में संगठन विस्तार, पोलिंग बूथ समितियों की सक्रियता, जनसंपर्क अभियान और क्षेत्रीय समस्याओं पर भी चर्चा हुई। अंत में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। बैठक में वीरेंद्र चौधरी, डॉ. संजीव शर्मा, श्रीपाल सिंह, नईमुद्दीन त्यागी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment