वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शनिवार को संत कबीर नगर में अमर शहीदों की स्मृति में भावपूर्ण सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 1999 के कारगिल युद्ध में अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान देने वाले 527 अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह रहे, जबकि कार्यक्रम का संचालन एवं स्वागत जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल राम प्रकाश मिश्रा ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद सभी अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और नागरिकों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। समारोह में वीर चक्र विजेता सिपाही सत्यवान सिंह के परिजन, सेना मेडल (वीरता) से सम्मानित सेवारत हवलदार योगेन्द्र कुमार, वीर नारियां, द्वितीय विश्व युद्ध की विधवाएं तथा लगभग 50 पूर्व सैनिक और उनके आश्रित उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ने हवलदार योगेन्द्र कुमार को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही वीर नारियों, द्वितीय विश्व युद्ध की विधवाओं और जिले के वरिष्ठ पूर्व सैनिकों को भी सम्मानित किया गया।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल राम प्रकाश मिश्रा ने कहा कि युद्ध केवल सीमा पर सैनिक नहीं लड़ते, बल्कि पूरा देश एकजुट होकर उसका सामना करता है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रभक्ति और सैनिकों के त्याग से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह ने वीर नारियों और शहीदों के परिजनों को राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि उनके त्याग का ऋण देश कभी नहीं चुका सकता। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार सहित हर प्रशासनिक आवश्यकता में पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के साथ सदैव खड़ा रहेगा।
समारोह के अंत में शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए "जय हिंद, जय भारत" के गगनभेदी उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

No comments:
Post a Comment