<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Sunday, July 26, 2026

संगठन विस्तार के साथ छात्रहित के मुद्दों पर हुई सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी की बैठक

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता गोरखपुर


गोरखपुर। राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी की पिपराइच विधानसभा क्षेत्र के मानीराम में रविवार को संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने तथा वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान राष्ट्रीय सचिव शिवनारायण जायसवाल एवं राष्ट्रीय सूचना एवं संपर्क मंत्री सत्येंद्र निषाद ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पाण्डेय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. अशोक चन्द्रा, राष्ट्रीय महासचिव अखिलेश मल्ल तथा राष्ट्रीय संगठन महामंत्री आकाश शुक्ला सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पाण्डेय ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, सम्मान और विकास पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक गांव और बूथ तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि जनता के विश्वास, संगठन की मजबूती और युवाओं के संकल्प के बल पर पार्टी वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव पूरी ताकत से लड़ेगी।

बैठक में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हाथों में पोस्टर लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुई घटना की निंदा की तथा शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर प्रसन्नता व्यक्त की। इस दौरान छात्रहित में 10 सूत्रीय मांगें भी उठाई गईं। इनमें शिक्षा में समान अवसर आधारित व्यवस्था, सभी प्रवेश परीक्षाओं में पारदर्शिता, पेपर लीक पर कठोर कार्रवाई, राष्ट्रीय परीक्षा सुधार एवं निगरानी आयोग का गठन, छात्र आंदोलनों में बल प्रयोग की निष्पक्ष जांच, निर्दोष छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को निःशुल्क शिक्षा, सभी छात्रों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं, समयबद्ध परीक्षा परिणाम तथा शिक्षा व्यवस्था को भ्रष्टाचार और राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त करने की मांग प्रमुख रही। छात्र आंदोलन में दिवंगत छात्रों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।

बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पाण्डेय ने राष्ट्रीय सचिव शिवनारायण जायसवाल को पिपराइच विधानसभा क्षेत्र से पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया। वहीं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय महासचिव, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री एवं राष्ट्रीय सूचना एवं संपर्क मंत्री ने भी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहने का आह्वान किया।

No comments:

Post a Comment

Pages