वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। थाना कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अस्पताल से भटक गई चार वर्षीय बच्ची को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्ची के मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की तत्परता की सराहना की।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता किशमतुन्निशा पत्नी इरफान निवासी बयारे, थाना भवानीगंज, जनपद सिद्धार्थनगर अपनी माता जमुर्ता का इलाज कराने के लिए मालवीय रोड स्थित ट्रामा सेंटर, बस्ती आई थीं। उनके साथ उनकी चार वर्षीय पुत्री खुशबू भी थी, जो अस्पताल परिसर से भटककर कहीं चली गई। इसकी सूचना थाना कोतवाली पुलिस को दी गई।
पुलिस बच्ची की तलाश कर ही रही थी कि पीआरवी-5522 को कॉलर मोनू शुक्ला निवासी रंजीत चौराहा, पिकौरा शिवगुलाम ने सूचना दी कि तीन से चार वर्ष की एक बच्ची मिली है, जो अपना नाम-पता नहीं बता पा रही है। सूचना पर पीआरवी टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद चौकी प्रभारी रौता अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रो रही बच्ची को चौकी लेकर आए।
पुलिस ने गुमशुदा बच्ची की मां को चौकी बुलाया। मां को देखते ही बच्ची ने उन्हें पहचान लिया। इसके बाद पुलिस ने बच्ची को सकुशल उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। बच्ची के मिलने पर उसकी मां और मामा ने खुशी व्यक्त करते हुए कोतवाली पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

No comments:
Post a Comment