संतकबीरनगर। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को मजबूत करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश शासन के मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) अभियान के तहत शुक्रवार को संतकबीरनगर पुलिस ने जिलेभर में व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में ग्राम चौपाल, बहू-बेटी सम्मेलन और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान पुलिस की एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं से सीधे संवाद किया। अधिकारियों ने उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, साइबर अपराधों से बचाव तथा किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा साइबर क्राइम पोर्टल के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
महिला थाना, कोतवाली खलीलाबाद, महुली, मेहंदावल और धर्मसिंहवा थाना क्षेत्रों में आयोजित चौपालों में महिला बीट अधिकारियों और मिशन शक्ति टीमों ने ग्रामीण महिलाओं की समस्याएं सुनीं तथा उनके त्वरित एवं विधिसम्मत समाधान का भरोसा दिलाया। इस दौरान शासन की महिला कल्याणकारी योजनाओं, आत्मनिर्भरता और आत्मरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी चर्चा की गई।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से कहा कि वे किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, साइबर ठगी या अन्य अपराध को छिपाने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा समाज के सहयोग से ही अपराधमुक्त और सुरक्षित वातावरण का निर्माण संभव है।
मिशन शक्ति 5.0 के तहत चलाया गया यह अभियान महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने और पुलिस व आमजन के बीच विश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।

No comments:
Post a Comment