वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। आगामी कांवड़ यात्रा एवं मेले को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को बस्ती मंडल के समस्त बस यूनियन पदाधिकारियों के साथ संभागीय परिवहन कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) फरीदउद्दीन ने की, जिसमें यात्रियों की सुरक्षा, बसों की फिटनेस और बेहतर परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बस संचालकों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा में संचालित होने वाली सभी बसों के परमिट, फिटनेस सहित अन्य आवश्यक अभिलेख अद्यतन रखें तथा वाहनों की तकनीकी जांच कराकर आवश्यक मरम्मत, रंग-रोगन, सीटों और खिड़कियों की स्थिति दुरुस्त कर ली जाए। बसों में साफ-सफाई बनाए रखने, चालक-परिचालकों द्वारा यात्रियों के साथ शालीन एवं मधुर व्यवहार करने तथा किसी भी प्रकार की अभद्रता से बचने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को प्राथमिकता देने, चालकों को पर्याप्त विश्राम उपलब्ध कराने तथा बसों के ऊपर लगेज कैरियर न लगाने के निर्देश दिए। हाल के दिनों में बसों में आग लगने की घटनाओं का उल्लेख करते हुए ज्वलनशील पदार्थ जैसे गैस सिलेंडर, केरोसीन, स्टोव, पेट्रोमैक्स आदि का परिवहन पूरी तरह प्रतिबंधित रखने के लिए कहा गया। साथ ही चालक और परिचालकों को ड्यूटी के दौरान पान मसाला, गुटखा, शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन न करने की सख्त हिदायत दी गई।
बैठक में संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुरेश कुमार सहित बस्ती मंडल की विभिन्न बस यूनियनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) फरीदउद्दीन ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी बस संचालकों को निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करना होगा।

No comments:
Post a Comment