गोरखपुर। खजनी कस्बे में रिश्तों और भरोसे को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। ज्वैलरी कारोबारी के 10 वर्षीय पोते वैभव वर्मा का अपहरण कर हत्या कर दी गई। मासूम का शव घर से महज 50 मीटर दूर पड़ोसी कारोबारी के मकान के बेसमेंट से बरामद हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
खजनी निवासी प्रतिष्ठित ज्वैलरी कारोबारी लक्ष्मी नारायण वर्मा के पोते वैभव वर्मा (10) स्थानीय नवेल्स एकेडमी में कक्षा चार का छात्र था। सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे स्कूल से लौटने के बाद वह बैग रखकर साइकिल से खेलने निकल गया था। दादी ने खाना खाने के लिए बुलाया, लेकिन वह थोड़ी देर में आने की बात कहकर चला गया। इसके बाद वह घर नहीं लौटा।
कुछ देर बाद परिजनों को घर के पीछे उसकी साइकिल लावारिस हालत में मिली। पास में एक चप्पल मिलने के बाद परिवार की चिंता बढ़ गई। सूचना पर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें वैभव साइकिल से जाता दिखाई दिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। इसी दौरान पड़ोसी कपड़ा कारोबारी सर्वेश भट्ट की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ में उसके बयान बदलने पर पुलिस का शक गहरा गया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने घटना स्वीकार कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके मकान के बेसमेंट से वैभव का शव बरामद किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि 27 जुलाई 2026 को गुमशुदगी की तहरीर के आधार पर थाना खजनी में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों के लिए यह घटना दोहरे दुख का कारण बन गई है। वैभव की मां श्वेता वर्मा का डेढ़ माह पहले बीमारी के कारण निधन हो गया था। तीन भाइयों में सबसे छोटे वैभव की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
खजनी की इस घटना ने पड़ोस और भरोसे के रिश्ते पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। जिस व्यक्ति पर परिवार भरोसा करता था, वही मासूम की हत्या का आरोपी निकला। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस हत्या के कारणों की गहराई से जांच कर रही है।

No comments:
Post a Comment