वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने मंगलवार को संयुक्त रूप से जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बैरकों, पाकशाला, अस्पताल तथा महिला बैरक का जायजा लेकर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भोजन की गुणवत्ता की जांच की तथा बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। कारागार में साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाते हुए अधिकारियों ने कारागार प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। इस दौरान सभी अधिकारी एवं ड्यूटीरत कर्मचारी पूर्ण गणवेश में उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कारागार कर्मियों को निर्देश दिए कि जेल परिसर में किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री प्रवेश न करने पाए तथा सुरक्षा संबंधी सभी प्रक्रियाओं का पूरी सतर्कता और पारदर्शिता के साथ पालन किया जाए। उन्होंने जेल परिसर की स्वच्छता बनाए रखने और बंदियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक कुलदीप सिंह सहित कारागार के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment