वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, संत कबीर नगर द्वारा स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद स्तर पर दो दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी नीरज कुमार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के तहत अभ्यर्थियों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन 29 जुलाई 2026 (बुधवार) को तहसील मेहदावल के ग्राम पंचायत भिटिया कला, पोस्ट मेहदावल में किया जाएगा। कार्यशाला में तहसील एवं विकास खंड क्षेत्र के स्वरोजगार में रुचि रखने वाले युवाओं और इच्छुक अभ्यर्थियों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की जाएगी।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि उद्योग स्थापना के इच्छुक अभ्यर्थी अपना आवेदन एवं पंजीकरण निर्धारित तिथि तक कार्यालय बैंक चौराहा, पुरानी तहसील, नजारत भवन, खलीलाबाद में कार्यदिवस के दौरान कर सकते हैं। आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को पासपोर्ट आकार का फोटो, आधार कार्ड, शैक्षिक प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा निवास प्रमाण पत्र साथ लाना होगा। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाकर स्वरोजगार योजनाओं से जुड़ने की अपील की है।
No comments:
Post a Comment