बस्ती। कांग्रेस आरटीआई विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्वांचल प्रभारी महेंद्र श्रीवास्तव ने शिक्षा एवं परीक्षा व्यवस्था को माफियाओं से मुक्त कराने की मांग करते हुए कहा कि पेपर लीक देश के लिए गंभीर समस्या बन चुकी है। सरकार को इसका स्थायी समाधान निकालना चाहिए ताकि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो।
प्रेस विज्ञप्ति जारी कर महेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा छात्रों की आवाज को उठाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियां देश के युवाओं के भविष्य के लिए चिंताजनक हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रतियोगी परीक्षाओं की शुचिता लगातार प्रभावित हुई है। शिक्षा माफियाओं को संरक्षण मिलने के कारण पेपर लीक जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली, पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की चुप्पी पर प्रश्न खड़े किए।
महेंद्र श्रीवास्तव ने मांग की कि शिक्षा के राजनीतिकरण पर रोक लगाई जाए, पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो, प्रभावित अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए तथा सभी प्रतियोगी परीक्षाएं पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ आयोजित कराई जाएं। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।

No comments:
Post a Comment