वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में 'नीति तारा' विषय पर जनपद एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों के लिए एक दिवसीय क्षमतावर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जनपद स्तरीय सभी अधिकारी तथा विकासखंड हर्रैया एवं कुदरहा के खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव ने नीति तारा टूलकिट की उपयोगिता, उद्देश्य एवं इसके प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह प्रणाली विकास योजनाओं की निगरानी, मूल्यांकन और डेटा आधारित निर्णय प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने में सहायक होगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री फेलो हर्रैया अमित कुमार तथा मुख्यमंत्री फेलो कुदरहा आनंद कुमार सोनी भी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण सत्र का संचालन एडसिल इंडिया के प्रतिनिधि विकास कुमार ने किया। उन्होंने अधिकारियों को नीति तारा पोर्टल के संचालन, आंकड़ों के प्रबंधन, निगरानी तंत्र तथा विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। साथ ही अधिकारियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए पोर्टल के बेहतर उपयोग के बारे में जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी का उपयोग योजनाओं के प्रभावी संचालन एवं जनहितकारी कार्यों के बेहतर क्रियान्वयन में करने का आह्वान किया। कार्यशाला में खंड विकास अधिकारी हर्रैया विनय कुमार द्विवेदी, खंड विकास अधिकारी कुदरहा आलोक कुमार पंकज सहित जनपद एवं विकासखंड स्तर के सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment