संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्र ने रविवार को थाना महुली का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, कार्यालय, मालखाना, हवालात, भोजनालय, बैरक, शस्त्रागार और अन्य शाखाओं का सूक्ष्म परीक्षण किया गया।
क्षेत्राधिकारी ने शस्त्रागार में उपलब्ध असलहों एवं कारतूसों का अभिलेखों से मिलान कर उनकी सुरक्षित देखरेख और रख-रखाव की समीक्षा की। साथ ही विभिन्न रजिस्टरों और अभिलेखों की प्रविष्टियों का परीक्षण करते हुए उन्हें अद्यतन और त्रुटिरहित रखने के निर्देश दिए। थाना परिसर में लंबे समय से खड़े वाहनों के शीघ्र विधिक निस्तारण के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान महिला कांस्टेबल ललिता ने असलहों के संबंध में उत्कृष्ट तकनीकी जानकारी का प्रदर्शन करते हुए शस्त्रों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार खोलने और पुनः जोड़ने का कुशल प्रदर्शन किया। उनकी दक्षता और आत्मविश्वास से प्रभावित होकर क्षेत्राधिकारी ने उन्हें ‘गुड एंट्री’ प्रदान कर सम्मानित किया तथा अन्य पुलिसकर्मियों को भी नियमित प्रशिक्षण और अभ्यास के लिए प्रेरित किया।
क्षेत्राधिकारी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और अनुशासित कार्य वातावरण की सराहना करते हुए जनसुनवाई को पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने प्रत्येक फरियादी के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करते हुए शिकायतों के निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण, अपराध नियंत्रण, प्रभावी गश्त, महिला सुरक्षा और सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

No comments:
Post a Comment