बस्ती। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी के नेतृत्व में ‘सद्बुद्धि पदयात्रा’ निकाली। पदयात्रा जिला कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर गायत्री शक्तिपीठ मंदिर पहुंची, जहां प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
पदयात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी एवं वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर प्रदर्शन किया और पूरे प्रकरण की उच्च न्यायालय के सिटिंग जज से निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि इस मामले से करोड़ों रामभक्तों की आस्था प्रभावित हुई है, इसलिए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी ने कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने मांग की कि श्रीराम मंदिर ट्रस्ट को भंग कर मंदिर की व्यवस्था चारों पीठों के शंकराचार्यों एवं श्रीराम मंदिर के सम्मानित महंतों को सौंपी जाए, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास कायम रहे। उन्होंने कहा कि ‘सद्बुद्धि पदयात्रा’ का उद्देश्य आस्था से जुड़े मुद्दे पर निष्पक्ष जांच और जवाबदेही सुनिश्चित कराना है।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता देवेन्द्र श्रीवास्तव, पूर्व जिलाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र पाण्डेय ‘ज्ञानू’, डॉ. वाहिद अली सिद्दीकी, डॉ. आलोक रंजन, शौकत अली ‘नन्हू’, नर्वदेश्वर शुक्ला, अलीम अख्तर तथा मोहम्मद रफीक खान सहित अन्य नेताओं ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार से मामले पर स्पष्ट रुख अपनाने तथा आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
पदयात्रा में अनिल भारती, रामधीरज चौधरी, राकेश मणि त्रिपाठी, इश्तिखार अहमद, शकुन्तला देवी, कुंवर जितेन्द्र सिंह, अमर बहादुर शुक्ल, आलोक त्रिपाठी, गुड्डू सोनकर, सुधीर यादव, लक्ष्मी यादव, सोमनाथ संत, अनिल त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी के समर्थन में नारे लगाए और प्रशासन के माध्यम से अपनी मांगों का ज्ञापन सरकार तक पहुंचाने की बात कही।

No comments:
Post a Comment