लखनऊ। यात्रियों को अधिक सुगम और समावेशी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भारतीय रेलवे ने एक नई पहल की है। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने भारतीय रेलवे में पहली बार बादशाह नगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर ‘सांकेतिक भाषा ट्रेन सूचना प्रणाली’ शुरू की है। इस AI आधारित प्रणाली के माध्यम से श्रवण बाधित यात्रियों को ट्रेनों की लाइव घोषणाएं, आगमन-प्रस्थान समय तथा प्लेटफॉर्म संबंधी जानकारी सांकेतिक भाषा (साइन लैंग्वेज) में उपलब्ध कराई जाएगी।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर वैभव श्रीवास्तव के निर्देशन में सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग ने इस प्रणाली को विकसित किया है। स्टेशन पर लगी एलईडी टीवी स्क्रीन पर रेलवे की सामान्य घोषणाओं को स्वतः सांकेतिक भाषा में प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे श्रवण बाधित यात्री बिना किसी सहायता के यात्रा संबंधी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
इस प्रणाली का सफल परीक्षण लखनऊ मंडल के सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग, नोएडा स्थित मूक-बधिर संस्था के अधिकारियों तथा चार प्रमाणित सांकेतिक भाषा इंटरप्रेटर्स की उपस्थिति में किया गया। TECHTRON INFOTECH PVT. LTD. के सहयोग से विकसित इस प्रणाली को दो माह के सफल ट्रायल के बाद बादशाह नगर स्टेशन पर लागू किया गया है।
रेल मंत्रालय की ‘सुलभ सार्वजनिक परिवहन’ कार्य योजना के अनुरूप शुरू की गई यह पहल दिव्यांग यात्रियों को समान सुविधा और सूचना उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। मूक-बधिर यात्रियों एवं दिव्यांगजनों के लिए कार्य करने वाले संगठनों ने भी इस नवाचार की सराहना की है।

No comments:
Post a Comment