बस्ती। कलवारी थाना क्षेत्र के ग्राम कुसौरा में जमीन कब्जे के विवाद के बीच पुलिस पर कथित ज्यादती का मामला सामने आया है। पीड़िता सबा, पुत्री स्व. मोहम्मद कासिम, निवासी कुसौरा ने पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) को प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार, 5 जुलाई को दिन में करीब 11 बजे नागेन्द्र पुत्र रामजतन ने उस जमीन पर, जहां उनके पुरखों की आरा मशीन लगी थी, जबरन दीवार बनाकर कब्जा करने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर सबा, उसकी मां कुलसुम बानो और भाई सुफियान मौके पर पहुंचे तथा निर्माण कार्य रोकने को कहा। आरोप है कि इस दौरान विवाद बढ़ गया, जिसके बाद परिवार ने महिला हेल्पलाइन 1090 पर सूचना दी।
शिकायत के मुताबिक, सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि नागेन्द्र के बुलाने पर पहुंचे दरोगा एस.एन. सिंह ने बिना मामले की जांच किए सबा और उसके परिवार के साथ अभद्र व्यवहार किया। पीड़िता का आरोप है कि दरोगा ने उसका कॉलर और गला पकड़कर धक्का दिया तथा जबरन थाने ले गए। वहां शाम तक हवालात में रखने के बाद 107/151 की धाराओं में चालान कर एसडीएम न्यायालय भेज दिया गया।
पीड़ित परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस विभाग की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

No comments:
Post a Comment