वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। समाजवादी पार्टी ने 5 अगस्त को लखनऊ में आयोजित होने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र की जयंती समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को पार्टी कार्यालय पर मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं ने कार्यक्रम की रणनीति तैयार की।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष एवं विधायक महेन्द्रनाथ यादव ने की। उन्होंने कहा कि जनेश्वर मिश्र समाजवादी विचारधारा के प्रेरणास्रोत थे और उनकी जयंती पर बस्ती से बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचेंगे। बैठक में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने, आवागमन की व्यवस्था तथा संगठनात्मक जिम्मेदारियों के बंटवारे पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि बलिया से सांसद एवं प्रदेश संयोजक सनातन पाण्डेय का पार्टी कार्यालय पहुंचने पर फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और पूरे उत्साह के साथ जयंती कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि समाजवादी आंदोलन की ताकत दिखाने का अवसर भी होगा।
बैठक के बाद सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद सनातन पाण्डेय ने अयोध्या के कथित चंदा एवं चढ़ावा अनियमितता मामले को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि एसआईटी जांच में अनियमितता सामने आई है तो कार्रवाई केवल निचले कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि जिम्मेदार पदाधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की बात कही।
उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था और ब्राह्मण समाज की उपेक्षा का भी आरोप लगाया तथा कहा कि राजनीतिक विरोधियों के परिवारों को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। कानून अपना काम करे, लेकिन निर्दोष लोगों को परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
बैठक एवं प्रेस वार्ता में विधायक राजेन्द्र प्रसाद चौधरी, कविन्द्र चौधरी 'अतुल', पूर्व विधायक राजमणि पाण्डेय, पूर्व विधायक लालजी यादव, दयाशंकर मिश्र, प्रवीण पाठक, पूर्व मंत्री मोनू दूबे, अनीता द्विवेदी, प्रिया पाठक सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संचालन मणिन्द्र मिश्र ने किया।


No comments:
Post a Comment