वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। जनपद में स्कूल वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों का पालन कराने के उद्देश्य से मंगलवार को परिवहन विभाग ने व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान फिटनेस की वैधता समाप्त होने पर दो स्कूल वाहनों को निरुद्ध (सीज) किया गया, जबकि दो अन्य स्कूल वाहनों का चालान किया गया।
अभियान के दौरान निजी वाहनों से स्कूली बच्चों का परिवहन करते पाए जाने पर पांच वाहनों के विरुद्ध भी चालान की कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त फिटनेस फेल, प्रदूषण प्रमाणपत्र न होने, ओवरलोडिंग तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में दो वाहनों को निरुद्ध किया गया तथा 26 वाहनों का चालान किया गया।
यह अभियान संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुरेश कुमार मौर्य के नेतृत्व में चलाया गया। इसमें नवनियुक्त सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (सड़क सुरक्षा) धर्मेंद्र कुमार, यात्री कर अधिकारी प्रदीप कुमार श्रीवास्तव तथा प्रवर्तन दल के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहभागिता की।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों एवं निजी वाहनों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी।

No comments:
Post a Comment