<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Sunday, July 26, 2026

आरक्षण दिवस पर सपा ने मनाया संविधान मानस्तंभ स्थापना दिवस

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


बस्ती। समाजवादी पार्टी ने रविवार को पार्टी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष एवं बस्ती सदर विधायक महेन्द्रनाथ यादव के संयोजन में आरक्षण दिवस के अवसर पर संविधान मानस्तंभ स्थापना दिवस मनाया। आयोजित संगोष्ठी में संविधान, आरक्षण और सामाजिक न्याय के संरक्षण पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे तथा संविधान की मूल भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। इस दौरान कारगिल विजय दिवस पर शहीद सैनिकों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

जिलाध्यक्ष महेन्द्रनाथ यादव ने कहा कि 26 जुलाई सामाजिक न्याय के इतिहास का महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले के सामाजिक परिवर्तन के संकल्प को राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज ने आरक्षण व्यवस्था लागू कर नई दिशा दी थी, जिसे बाद में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान में सामाजिक न्याय, समान अवसर और आरक्षण के अधिकार के रूप में स्थापित किया। उन्होंने कहा कि संविधान ही सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक अधिकारों की सबसे बड़ी गारंटी है तथा इसके सुरक्षित रहने से ही आरक्षण और लोकतंत्र सुरक्षित रहेगा।

संगोष्ठी में विधायक कविन्द्र चौधरी 'अतुल', दयाशंकर मिश्र, राजाराम यादव, समीर चौधरी, प्रवीण पाठक, रजनीश पाठक, जावेद पिंडारी, मंशाराम कन्नौजिया सहित अन्य नेताओं ने कहा कि आरक्षण व्यवस्था ने पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों को मुख्यधारा में आने का अवसर दिया है। वक्ताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष कर रहे हैं तथा पार्टी सामाजिक समरसता और बराबरी के सिद्धांत पर कार्य करती रही है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में नगर अध्यक्ष युनुस आलम की माता के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

No comments:

Post a Comment

Pages