<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, July 15, 2026

बिजली विभाग की नीतियों के विरोध में व्यापारियों का विशाल प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन


बस्ती। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल के आह्वान पर बुधवार को जिलाध्यक्ष राकेश सिंह के नेतृत्व में व्यापारियों ने बिजली विभाग की नीतियों के विरोध में विशाल प्रदर्शन किया। इस दौरान राजकीय इंटर कॉलेज परिसर से मोटरसाइकिल जुलूस निकाला गया, जो गांधीनगर होते हुए झंडा तिराहा पहुंचा। इसके बाद व्यापारियों ने पैदल मार्च करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की वर्तमान नीतियों से प्रदेश के उपभोक्ताओं और व्यापारियों का आर्थिक शोषण हो रहा है। उन्होंने सरकार से जनहित में तत्काल हस्तक्षेप कर राहत देने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के बाद जिलाध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि यदि सरकार ने मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो संगठन प्रदेशव्यापी आंदोलन को और तेज करेगा। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं और व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करने के लिए तैयार है।
मंडल अध्यक्ष डॉ. हरिमूर्ति सिंह, मंडल महामंत्री रत्नाकर श्रीवास्तव तथा संगठन महामंत्री किशन सिंह ने मांग की कि प्रदेश के 47 लाख उपभोक्ताओं पर बढ़ाए गए विद्युत लोड को तत्काल वापस लिया जाए। साथ ही बिजली मीटर की कीमत 700 रुपये से बढ़ाकर 5300 रुपये किए जाने के निर्णय को निरस्त किया जाए, बिजली बिलों पर लगाए गए 10 प्रतिशत फ्यूल सरचार्ज को समाप्त किया जाए तथा उपभोक्ताओं से ली जा रही सिक्योरिटी राशि की वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए।
व्यापारी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनहित की इन मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन में जिला महामंत्री आलोक दुबे, जिला संगठन मंत्री भारत राम 'बबलू' अग्रहरी, नगर अध्यक्ष राणा महेंद्र प्रताप, उद्योग मंच के जिलाध्यक्ष कमलेश चौधरी, युवा मंच के जिलाध्यक्ष कुलदीप श्रीवास्तव, महिला विंग की अध्यक्ष वंदना वर्मा सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी, व्यापारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages