गोरखपुर। दवा विक्रेता समिति, गोरखपुर के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर औषधि व्यापार से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व समिति के अध्यक्ष योगेन्द्र नाथ दूबे और महामंत्री आलोक चौरसिया ने किया।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से ONDLS पोर्टल के संचालन में आ रही तकनीकी एवं प्रक्रियागत कठिनाइयों का मुद्दा उठाया। साथ ही अनुरोध किया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स उत्तर प्रदेश (OCDUP) के प्रतिनिधिमंडल की बैठक खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश के आयुक्त के साथ कराई जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनते हुए औषधि व्यापारियों की प्रमुख समस्याओं का विस्तृत एवं बिंदुवार विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि विषय का परीक्षण कर आवश्यकतानुसार संबंधित अधिकारियों के साथ प्रतिनिधिमंडल की बैठक सुनिश्चित कराने पर विचार किया जाएगा।
समिति के अध्यक्ष योगेन्द्र नाथ दूबे और महामंत्री आलोक चौरसिया ने मुख्यमंत्री के सकारात्मक एवं संवेदनशील रवैये के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के नेतृत्व में औषधि व्यापार को अधिक पारदर्शी, सरल और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापारी संगठन सदैव रचनात्मक सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। साथ ही विश्वास जताया कि आपसी संवाद के माध्यम से व्यापार से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं का शीघ्र समाधान निकलेगा।

No comments:
Post a Comment