बस्ती। गुरुवार को जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) घनश्याम सागर से हुई वार्ता और सहमति के बाद उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ ने अपना प्रस्तावित आंदोलन स्थगित कर दिया। यह जानकारी संघ के जिलाध्यक्ष अजय आर्य ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
संघ अध्यक्ष ने बताया कि डीपीआरओ द्वारा सफाई कर्मचारियों एवं संगठन पदाधिकारियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार और सामूहिक रूप से अपमानजनक भाषा के प्रयोग को लेकर कर्मचारियों में आक्रोश था। इसी को देखते हुए आंदोलन की घोषणा की गई थी।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के कार्यवाहक अध्यक्ष राम अधार पाल तथा स्वच्छता समन्वयक राजा शेर सिंह की पहल पर डीपीआरओ घनश्याम सागर और संगठन पदाधिकारियों के बीच लंबी वार्ता हुई। बैठक में संघ अध्यक्ष अजय आर्य, जिला कोषाध्यक्ष अशोक चौहान, संगठन मंत्री अमित कुमार चक्रवर्ती, जिला लेखा सम्प्रेक्षक भरत कुमार यादव, संजय यादव (मंडल मंत्री), राजेश कुमार, रूद्रनारायण उर्फ रूदल तथा संतोष कुमार शर्मा मौजूद रहे।
बैठक में सफाई कर्मचारियों की वेतन विसंगति, एरियर भुगतान, एसीपी, दिव्यांग भत्ता समेत विभिन्न लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। डीपीआरओ घनश्याम सागर ने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनकी किसी बात से सफाई कर्मचारियों या संगठन पदाधिकारियों के सम्मान को ठेस पहुंची हो तो वे उसे वापस लेते हैं।
डीपीआरओ के आश्वासन और सकारात्मक वार्ता के बाद उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ ने अपना प्रस्तावित आंदोलन फिलहाल स्थगित करने की घोषणा की।

No comments:
Post a Comment