गोरखपुर। राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी (आरएसजेएसपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पाण्डेय ने पार्टी के संस्थापक एवं संरक्षक पं. बृजेश पाण्डेय से केंद्रीय कार्यालय पर शिष्टाचार भेंट कर संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका सम्मान भी किया।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, आगामी जनसंपर्क अभियान, सामाजिक सरोकारों तथा पार्टी की भावी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया। दोनों नेताओं ने समाज के प्रत्येक वर्ग तक पार्टी की विचारधारा और जनसेवा के संकल्प को पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पाण्डेय ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल राजनीतिक भागीदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार एवं कौशल विकास, किसानों को सम्मानजनक आय, महिलाओं को सुरक्षा और नेतृत्व के अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं, पारदर्शी प्रशासन तथा भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए पार्टी निरंतर कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि "सबका सम्मान, सबका कल्याण" केवल नारा नहीं, बल्कि जनसेवा का संकल्प है।
संस्थापक एवं संरक्षक पं. बृजेश पाण्डेय ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की पहचान उसके विचार, सेवा भावना और जनता के प्रति समर्पण से होती है। उन्होंने कहा कि आरएसजेएसपी आम नागरिकों की आवाज बनकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, सम्मान और विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अनुशासन, सेवा और जनसंपर्क को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान करते हुए कहा कि मजबूत संगठन ही सशक्त समाज और समृद्ध राष्ट्र की आधारशिला है।
बैठक के अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि पार्टी जनसेवा, सामाजिक न्याय और राष्ट्रहित के अपने मूल सिद्धांतों पर आगे बढ़ते हुए व्यापक जनभागीदारी के साथ संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।

No comments:
Post a Comment